--------------------------------------------------------------
कृषि क्षेत्र सदियों से प्राकृतिक आपदा का शिकार बनता रहा है | कभी सुखा कभी अति वृष्टि कभी ओला व तूफानी हवाओं के साथ बाढ़ की त्रासदी का निवाला बनता रहा है | प्राकृतिक आपदाओं का भुक्त भोगी किसान भी इसे ईश्वरीय प्रकोप मानकर चुपचाप सहन करता आ रहा है | आधुनिक वैज्ञानिक व तकनिकी युग में इन प्राकृतिक प्रकोपों एवं उसके दुष्परिणामो को पूरी तरह से भले ही खत्म न किया जा सके पर उसको मद्धिम जरुर किया जा सकता है | उसके विनाशकारी परिणामो से कृषि व किसान को किसी हद तक सुरक्षा अवश्य प्रदान किया जा सकता है | विडम्बना है की देश के 70 साला आधुनिक विकास और पिछले 27 साल के बहुप्रचारित तीव्र आधुनिक तकनिकी विकास ने कृषि व किसान को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित करने का कोई गंभीर प्रयास नही किया गया | सुखा अकाल से कृषि को बचाने की वस्तुस्थिति यह है की अभी तक देश की कुल कृषि क्षेत्र का 50% से कम रकबा ही सिंचित रकबा माना जाता है |
इन प्राकृतिक आपदाओं से अलग वन्य एवं छुट्टा पशुओ की आपदा अब कृषि व किसान की एक नयी व बड़ी समस्या बनती जा रही है | यह प्राकृतिक आपदा की तरह कभी कभार घटने वाली आपदा नही है बल्कि 24 घंटे फसलो पर हमला बोलने वाली आपदा है | नील गाय , बन सूअर तथा छुट्टा सांड , बछडा , भैसा जैसे पशुओ का झुण्ड खेती को हर समय चरने और बर्बाद करने के लिए तैयार है | किसान अपनी तमाम चौकसी और रखवाली के बावजूद भी इनसे अपनी खेती की रक्षा नही कर पा रहा है | प्राकृतिक आपदाओं के चलते तो किसानो ने कभी खेती नही छोड़ी थी | इन आपदाओं से पूरी तरह बर्बाद खेती को पुन: बिना किसी डर भय के चालू रखा था | पर वन्य एवं छुट्टा पशुओ के आक्रमण अतिक्रमण ने किसानो को बुरी तरह से आतंकित कर दिया है | वह इन पशुओ के प्रकोप से सब्जी , दलहन आदि की खेती को छोड़ता या कम करता जा रहा है | अगर यही स्थिति रही तो आम किसान इन खेतियो को पूरी तरह छोड़ने पर मजबूर हो जाएगा |
क्या इन पशु आपदा को देश की केन्द्रीय व प्रांतीय सरकारे नही जानती ? खूब जान रही है , पर वे इस समस्या को अन्य कृषि समस्याओं - संकटों की तरह उपेक्षित करती रहती है | इसलिए वन्य पशुओ का फसलो पर आक्रमण दशको से , खासकर पिछले 30 - 35 सालो से लगातार बढ़ता जा रहा है | इन सालो में लगभग सभी प्रमुख पार्टियों की सरकारे केंद्र से लेकर प्रांत तक सत्तासीन होती रही है | लेकिन किसी ने उस पर कोई रोक लगाने का कारगर प्रयास नही किया | वन्य पशु सुरक्षा के अंतर्गत उन पशुओ को तो सुरक्षित करने का नारा प्रोग्राम दिया जाता रहा , लेकिन इस पशु आपदा से किसान और उसकी खेती को सुरक्षित करने का कोई गंभीर प्रयास आज तक नही किया गया |
इक्का - दुक्का छुट्टा सांड भैसा गाँवों में पहले भी रहा करते थे | जिन्हें गाँव वाले अपने गाँव की सिवान से बहार खदेड़ते रहते थे | लेकिन उसका आज जैसा झुण्ड पहले नही नजर आता था | भैसा तो आम तौर पर किसान मवेशी व्यापारियों को बेच देता था और बछड़े को बैल के रूप में कृषि कार्य के लिए रख लेता था , पर खेती के आधुनिकीकरण एवं मशीनीकरण ने बछड़ो को भी छुट्टा पशु बना दिया | इनकी संख्या घटाने हटाने की कोई सुनिश्चित व्यवस्था अभी तक नही बन पाई थी | उपर से गोवंश सरक्षण के नाम पर उन्हें छुट्टा पशु बने रहने और फसले चरने की सुरक्षा प्रदान कर दी गयी है |
वन्य जीवो तथा छुट्टा पशुओ से खेती की सुरक्षा की जगह इन पशुओ को मिलती रही सुरक्षा इस बात को उजागर करती है की अब सरकारे कृषि व किसान की सुरक्षा में काम करने वाली नही है | तब तक तो करने वाली नही ही है , जब तक उन पर किसानो का व्यापक दबाव न पड़े | इसी दबाव के लिए स्थानीय स्तर पर किसानो द्वारा वन्य एवं छुट्टा पशुओ से फसलो की सुरक्षा की मांग को बार बार उठाने , पशुओ द्वारा फसलो के नुक्सान की क्षति पूर्ति की मांग करने के साथ इन पशुओ को कृषि क्षेत्र से हटाने की मांग भी उठाने की आवश्यकता है | इन पशुओ को हटाने के लिए सरकार कोई रणनीति अपनाए पर किसान पर किसान को फसलो को चरने व् नष्ट करने की खुली छुट न दें | अन्यथा किसान अपने फसलो की सुरक्षा के लिए पशुओ सुरक्षा के निर्देशों की अवहेलना के लिए आज नही तो कल बाध्य होगा - यह पूरी जिम्मेदारी सरकारों की होगी |
सुनील दत्ता - स्वतंत्र पत्रकार समीक्षक






