Tuesday, July 2, 2019

विरासत में मिली गुड - पानी की परम्परा

राष्ट्रपुरुष की कहानी उनकी जुबानी -- राष्ट्रपुरुष चन्द्रशेखर

विरासत में मिली गुड - पानी की परम्परा

बलिया जिले का इब्राहिम पट्टी मेरा गाँव है | इस छोटे से गाँव में मेरे पूर्व कहाँ से आये , अब तक एक अनजान कहानी हैं | मैंने इस बात का पता लगाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नही मिली | गाँव का नाम इब्राहिम पट्टी कैसे पडा , इसका पता मुझे जरुर चला | कोई नवाब था बहुत पहले उनका एक कारिन्दा था , जिसका नाम इब्राहिम | उसी ने अपने नाम पर गाँव का नाम इब्राहिम पट्टी रख दिया | इब्राहिम पट्टी उन दिनों छोटा सा गाँव था मेरे बचपन में में लगभग यहाँ 500 लोगो की आबादी थी | यह आबादी बहुत छोटी कही जायेगी | वहां तक पहुचने का कोई रास्ता और आने - जाने का कोई साधन नही था | लेकिन वास्तव में मेरा जन्म तो हुआ मेरे ननिहाल क्चुअरा में | तारीख थी 17 अप्रैल 1927 अर्थात चैत्र पूर्णिमा सवत 1887 मेरा ननिहाल कचुअरा सिकन्दरपुर कस्बे के नजदीक है यह बहुत छोटा सा गाँव है कचुअरा में हमारे नाना के परिवार में अब कोई नही हैं इब्राहिम पट्टी में मेरा बचपन गुजरा | यहाँ अपने पूर्वजो के आगमन की कहानी जान्ने के लिए मैंने कई बार कोशिश की | तब मैं इंटर में पढता था | हमारे यहाँ एक बड़े बुजुर्ग थे - परगन सिंह | उनके पूर्वजो के नाम याद थे | उनसे पूछकर मैंने कुर्सीनमा बनाया था | बड़ी मेहनत की थी लेकिन वास्तविकता यह है कि किसी को सच्चाई मालुम नही | गर्मियों की छुटियो में लगा रहा | कई रंगी की रोशनाई से उसे बहुत आकर्षक बनाया था | लेकिन कोई उसे चुरा ले गया | इसलिए मेरे पूर्वजो के इब्राहिम पट्टी आगमन की कहानी अंजन ही हैं | वैसे तरह तरह की
मेरे गाँव की आबादी बहुजातीय रही हैं | मेरे बचपन में वहां दो घर पंडितो के थे | 8-10 घर ठाकुरों के रहे होंगे | 8-10 घर बनियों के भी थे | हरिजन बस्ती दो थी | एक छोटी एक बड़ी | वह गाँव से बहार थी | कहार और कुर्मी के भी कुछ घर थे | मेरे गाँव में तब किसी एक जाती का प्रभुत्व नही था | वहां मुसलमान के भी दो घर थे | आज भी ये दोनों घर हैं | मेरे बचपन से आज तक उनकी दो पुश्ते गुजर गयी | बचपन के वे दिन याद आते है जब गाँव में मुहर्रम के लिए ताजिया रखा जता था | हम सब लड़के ताजिया उठाते थे मर्सिया गाते थे ताजिया गाँव में घुमाया जाता था हर दरवाजे पर घर के बड़े -- बूढ़े एक घडा पानी लुध्काते थे गुड का एक धेला चढाते थे | बचपन में ही मुझे बताया गया था की कर्बला के मैदानों में खिलिफा हुसैन अवाम के हक के लिए लड़ते हुए शहीद हुए थे | उन्हें पिने के लिए पानी नही मिला था , उसी याद में यह पानी और गुड देने की परम्परा मेरे गाँव में राखी गयी थी | मैं नही जानता कही और है या नही |
प्रस्तुती -- सुनील दत्ता ----- स्वतंत्र पत्रकार - समीक्षक

''मारग्रेट कंजिस''

विश्व की प्रथम महिला मताधिकार आन्दोलन की सूत्रधार
''मारग्रेट कंजिस''

''अखिल भारतीय महिला सम्मेलन ' के प्रधान कार्यालय में प्रवेश करते ही आपको एक बोर्ड नजर आयेगा -- '' मार्गरेट कंजिस मेमोरियल पुस्तकालय |'' सामने ही दीवार पर उनका एक बड़ा - सा आकर्षक चित्र टंगा हैं |
सन 1917 से 1947 तक भारत में महिला - सगठनों और महिला - आंदोलनों का 30 वर्षो का इतिहास पढ़िए तो एक नाम आपको सभी जगह पहली पंक्ति में दिखाई देगा -- मार्गरेट कंजिस |
मार्गरेट कंजिस ने कई क्षेत्रो में एक साथ पहल की | वे पहले अखिल भारतीय महिला सगठन 'विमेंस इन्डियन एसोसियशन ' की संस्थापिका हैं | इस संगठन के माध्यम से वे भारत में 'महिला मताधिकार आन्दोलन ' की सूत्रधार बनी | इन्डियन होमरूल लीग एवं अखिल भारतीय महिला मजिस्ट्रेट ' की संस्थापिका में से एक है |
उनका नाम भारत ही नही , विश्व भर की महिलाओं में प्रेरणा के रूप में जाना जाता हैं
आयरिश महिला होकर भी उन्होंने भारतीयता राष्ट्रीयता को ग्रहण किया और अपना आधे से अधिक जीवन भारतीय महिलाओं के उत्थान के लिए व्यतीत किया | मार्गरेट कंजिस 7 नवम्बर 1878 को आयरलैंड में जन्म हुआ | उनका घर एक ऐसे सार्वजनिक स्थल के सामने पड़ता था जो प्रमुख राजनीतिक एवं सामजिक गतिविधियों का केंद्र था | रोज सभाए देखते उनके बाल मन में कुछ करने की चाहत जगी और स्वतंत्र क्रांतिकारी विचार पनपने लगे बचपन से ही वो रुढियो को तोड़ने लगी | 1898 में विशेष योग्यता की छात्रवृति के सतह मैट्रिक परीक्षा पास किया | 1902 में रायल विश्व विद्यालय से संगीत की डिग्री लेकर संगीत शिक्षा बन गयी | 1903 में उनका विवाह जेम्स कंजिस के साथ हुआ | मार्गरेट बहुत सुन्दर कलाप्रिय और भावुक किस्म की महिला थी |
वे साहसी और स्वतत्र विचारधारा की पोषक महिला थी |
''वी टू टुगेदर पुस्तक में अपने विवाह से सम्बन्धित संस्मरणों में उन्होंने बड़े मनोरजक ढंग से लिखा हैं विवाह के लिए उनका सपना था लम्बा गहरे रंग सुन्दर आवाज वाला कला प्रिय युवक प्रोफ़ेसर | मिस्टर कंजिस इसके बिलकुल विपरीत थे | छोटे कद गोर रंग अरुचिकर आवाज वाले और एक व्यापारी संस्थान में एकाउटेन्ट

इसलिए सगाई के पहले साल उन्हें बड़ी निराशा हुई | उनके गुणों से प्रभावित होते हुए श्रीमती कंजिस के पूर्वाग्रह के कारण विवाह टूट जाता यदि पैसे की कमी के कराण उनके विवाह में तीन साल की देर न हुई होती | सगाई के उन तीन वर्षो में जैसे जैसे वे श्री कंजिस का अध्ययन करती गयी , उनके गुणों से लगातार प्रभावित होती गयी | बाद में उनका जीवन बहुत सुखी एवं सफल रहा | थिओसोफ़िकल सोसायटी के काम में श्रीमती एनी बेसेंट को सहयोग देने के लिए 1915 में श्रीमती कंजिस अपने पति के साथ भारत आई | इसके पूर्व 1906 से 1913 तक पहले आयरिश महिलाओं के मताधिकार आन्दोलन में फिर इंग्लैण्ड की महिलाओं के मताधिकार आन्दोलन में उन्होंने प्रमुख रूप से भाग लिया | इस सिलसिले में उन्होंने आयरलैंड एवं इंग्लैण्ड की जेलों की हवा खाई थी | और जेल में भूख हड़ताल भी की थी |
भारतीय दर्शन ने उन्हें बहुत प्रभावित किया था | भारत आते ही उन्होंने महिलाउत्थान से सम्बन्धित सभी सामाजिक शैक्षणिक एवं राजनितिक कार्यो में भाग लेना शुरू कर दिया पर उनका कार्य मुख्य रूप से प्रारम्भ होता है 1917 से |
1917 में एक दिन समाचार छपा कि सचिव आफ स्टेट श्री एडविन पी मांटेग्यु भारतीयों के राजनितिक अधिकारों के विस्तार के लिए भारत की स्थिति का अध्ययन करने एवं तत्कालीन वाइसराय श्री चेम्सफोर्ड से मिलने इंग्लैण्ड से भारत आ रहे हैं | श्रीमती कंजिस ब्रिटेन महिला मताधिकार आन्दोलन की नेत्री रही थी इसलिए उनके पति डा जेम्स कंजिस ने मजाक में उनसे कहा ''भारत में यही आन्दोलन चलाने के बारे में तुम्हारा ख्याल क्या हैं ? '
अपने अधिकारों की मांग रखने के लिए यह अच्छा मौका हैं | श्रीमती कंजिस तो जैसे पहले से ही तैयार बैठी हो | उन्होंने इस मजाक को चुनौती के रूप में ले लिया और उसी क्षण योजना बनाने लगी | तुरंत पूना में महिला विश्व विद्यालय के संचालक श्री करचे को पत्र लिखकर उनकी सम्मति मगाई गयी | उत्साहजनक उत्तर पाकर उन्होंने कुछ प्रमुख नेत्रियो से सलाह की और उसी वर्ष मद्रास में विमेंस इन्डियन असोसिएशन की स्थापना कर डाली |
इस संस्था के माध्यम से उन्होंने भारतीय महिलाओं के लिए मताधिकार की मांग को सामने लाने का निश्चय किया | पर इंग्लैण्ड के अपने अनुभव के आधार पर प्रारम्भ में वे आशावादी नही थी |
| इंग्लैण्ड की महिलाओं को मताधिकार के लिए लड़ते हुए 85 वर्ष हो चुके थे तब तक उन्हें मताधिकार नही मिले थे अगले वर्ष 1918 में ही वहाँ सीमित रूप में महिला मताधिकार स्वीकार किया गया था फिर जहाँ भारत में महिलाये न शिक्षित थी न अपने अधिकारों के प्रति सचेत या सगठित ही वहां महिला मताधिकार की मांग उन्हें एक अजूबा ही मालूम हो रही थी \ भारत आये उन्हें दो वर्ष ही हुए थे इसलिए भारतीय स्त्रियों की सामाजिक योग्यताओं की पूरी जानकारी भी उन्हें नही थी | फिर भी डब्लिन विश्व विद्यालय में भारतीय दर्शन के अध्ययन से और भारत में उस समय प्रमुख राष्ट्रीय संस्था कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर एक महिला एनी बेसेंट को आसीन देखकर उन्हें आशा बंधी की भारत में महिलाओं को स्वतंत्रता भले न प्राप्त हो उनका सम्मान अवश्य किया जाता है | इससे प्रभावित होकर उन्होंने भारत की नागरिकता ग्रहण किया |
18 दिसम्बर 1917 का दिन भारत में महिला पुनुरुथान का पहला मोड़ माना जाता हैं | उस दिन श्रीमती सरोजनी नायडू के नेतृत्व में सभी प्रान्तों की महिलाओं का एक शिष्टमंडल सेक्रेटरी i आफ स्टेट श्री माटेग्यु एवं वायसराय श्री चेम्सफोर्ड से मिला | श्रीमती कंजिस एक सदस्या थी | शिष्टमंडल की मांग थी महिलाये सामान्य नागरिक मानी जाए लिंग आधार पर भेद समाप्त हो , समान मताधिकार दिया जाए एवं शिक्षा - सुविधाए बढाई जाए |
इसके पश्चात स्थान - स्थान पर सभाए कर प्रस्ताव पारित किये गये | मताधिकार जांच कमेटी के अध्यक्ष श्री साउथबरो को बम्बई की 800 महिलाओं द्वारा ज्ञापन दिया गया | फिर भी अप्रैल 1919 में साउथबरो कमेटी की जो रिपोर्ट प्रकाशित हुई उसमे महिलाओं का जिक्र तक नही था | जुलाई अंत में जब श्रीमती कंजिस ने पत्रों में पढ़ा साउथबरो ने लन्दन में दोनों सदनों की ज्वाइंट सिलेक्ट कमेटी के सामने यह बयान दिया है कि भारत में स्त्रियों की तरफ से अभी ऐसी कोई माँग ही नही हैं तो उन्हें बहुत आश्चर्य एवं दुःख हुआ | परन्तु वीमेंस इन्डियन एसोसियेशन वीमेंस ग्रेजुएट यूनियन भारत स्त्री मंडल होमरूल लीग कीमहिला शाखाओं और अन्य महिला संस्थाओं की संयुक्त सभा आयोजित करके उन्होंने साउथबरो - कमेटी रिपोर्ट पर विरोध किया और एक प्रस्ताव पास कर लन्दन में ज्वाइंट सिलेक्ट कमेटीके पास भेजा | भारतीय महिलाओं राजनीतिक स्थिति के विषय में उन्होंने दो दलीले प्रस्तुत की राष्ट्रीय कांग्रेस में उनका महत्वपूर्ण स्थान एवं अध्यक्ष पद पर महिला नियुक्ति और विगत 15 वर्षो सेस्थानीयशासन में महिला भागीदारी |इसके साथ ही मद्रास सरकार जोर डाला और1921 के प्रारम्भ में मद्रास विधान सभा में एक प्रस्ताव पास कराके महिलाओं को पुरुषो के समान योग्यता के आधार पर मत देने का अधिकार प्रदान कर दिया गया | इस प्रकार इंग्लैण्ड में महिला मताधिकार के लिए जो लड़ाई 1832 से 1918 तक यानी पूरे 86 साल लड़ी गई भारत में वही सफलता 1917 - 1921 तक के समय में प्राप्त कर गयी | 19 मई 1926 को मद्रास विधान सभा में एक प्रस्ताव पास करके मद्रास के गवर्नर को महिला प्रतिनिधि नामजद करने तथा महिलाओं को चुनाव लड़ने का अधिकार प्रदान करवा दिया १७ अक्तूबर १९२६ को ही श्रीमती कंजिस ने प्रेस में बयान दिया चुनाव संघर्ष में भाग लेने वाली दो प्रतिनिधियों श्रीमती कमला चट्टोपाध्याय तथा हन्ना एंग्लो के नाम घोषित किये | 12 नवम्बर , 1926 को मद्रास के गवर्नर को पत्र लिखकर कमलादेवी चट्टोपाध्याय के साउथ कनारा क्षेत्र से चुनाव की सुचना दी तथा प्रार्थना किया यदि वे हार जाती तो उन्हें नामजद किया जाए नामजदगी के लिए विकल्प के तौर पर दुसरा नाम उन्होंने श्रीमती मुत्तुलक्ष्मी रेड्डी का सुझाया कमलादेवी चुनाव हार गयी परन्तु श्रीमती कमलादेवी के चुनाव लड़ने को सफलता मानते हुए उन्हें नामजद की गुजारिश किया परन्तु मद्रास के गवर्नर ने हारी प्रतिनिधि के स्थान पर श्रीमती मुत्तुलक्ष्मी रेड्डी को ही पहली विधायक के रूप विधान - सभा में बैठने का अधिकार दिलाया |

सुनील दत्ता -- स्वतंत्र पत्रकार - समीक्षक

Saturday, June 29, 2019

बिहार -- नेता जी -- ये नियति का खेल नही

बिहार -- नेता जी -- ये नियति का खेल नही ,
आप जैसो की बदनीयती का दुष्परिणाम है !
इस प्रकरण में लीची बदनाम हुई - किसानो की कमर टूटी
मौजूदा वक्त में बिहार के करीबन 10-12 जिले के बच्चे 'चमकी ' बुखार यानी मस्तिष्क ज्वर के चलते हो रही आकस्मिक मौतों की वजह से एक बड़े संकट से जूझ रहे है | इस संकट से प्रभावित क्षेत्रो व जिलो में बचाव व बेहतर इलाज के नाम पर माने तो देश का समूचा मेडिकल सिस्टम अब तक अपने हाथ खड़े किये हुए था | बिहार में बच्चो के लिए इस जानलेवा बुखार के पीछे की असल वजह क्या है ? और यही नही , बड़ी तादात में रोज - ब- रोज होने वाली मौतों के सिलसिले को आखिर किन वजहों से आज के वक्त तक रोका नही जा सका | यह निश्चय ही देश के स्वास्थ्य विज्ञान के लिए एक बड़ा सवाल है ? गौरतलब है कि मुजफ्फरपुर , वैशाली , हाजीपुर व भागलपुर समेत करीब 12 जिलो में बीते दिनों तक 185 बच्चो की बुखार के चलते मौत हो चुकी हैं | सच तो यह हैं कि इन समूचे इलाको में पीड़ित बच्चो के परिवारों के बीच जहाँ इस त्रासदी से कोहराम मचा हुआ हैं , वही इस आफत के भुक्तभोगी के घरो पर मौत का सन्नाटा पसरा हुआ हैं | हैरत तो यह है कि इस बड़े संकट से जूझ रहे परिवारों को अपने मासूमो के बचाव का कोई आसरा नही सूझ रहा हैं वही इसके उलट बिहार की राजनीति से लगायत दिल्ली की केन्द्रीय राजनीति में इसे लेकर क्या सच है और क्या झूठ है कि बहस गरमाई हुई हैं इसके लिए न तो कोई जिम्मेदार दिख रहा हैं न ही कोई जबाबदेही के लिए तैयार है | यु तो इस संकट से बचाव के लिए बड़ी संख्या में अस्पतालों से मेडिकल कालेजो तक दिन - रात एक किये हुए है लोग , मगर प्रशासन - शासन की पूरी मुस्तैदी के बावजूद नेताओं के बयानों के चलते संकट की गम्भीरता सरकार की गैर जिम्मेदराना हरकतों के बीच कहीं न कहीं गुम दिखाई दे रही हैं | बीते वक्त इस तकलीफदेह हालत की जानकारी हासिल करने आये एक बड़े कद्दावर नेता ने ब्यान दिया इसे जरा बखूबी समझ लीजिये उनके मुताबिक़ इन मौतों के लिए न तो सरकार जिम्मेदार हैं ना ही प्रशासन , यह सब बस कुछ नियति का खेल हैं आखिर उनसे यह सवाल कौन करेगा कि इन बच्चो की लगातार होने वाली मौतों के सिलसिले को भाग्य के सहारे क्या छोड़ दिया जाना चाहिए ? फिर सरकारों का चुनाव करने की क्या जरूरत है ? इन जनप्रतिनिधियों इन स्वास्थ्यमंत्रियों और इन मुख्यमन्त्रियो की हमे क्या जरूरत है ? मगल पांडे ने तो बच्चो की बुखार से होने वाली मौतों के सिलसिले को पहली बार नही माना है स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक़ पिछले तीन - चार सालो से पहले भी बच्चो की मौत की इसी तरह की घटनाए हुयी है | देश में उपलब्ध डाक्टरों के अलावा विदेशी स्वास्थ्य विशेषज्ञो की भी इसे लेकर मदद ली गयी थी और इतना ही नही , मौतों के पीछे की असल वजह को अनुसन्धान के जरिये जाचने की कोशिश की गयी थी इस दौरान मिले - जुले कई तथ्य सामने आये , जिसमे कुपोषण व खाली पेट सोने जैसे कारण भी गंभीरता से लिए गये थे | इस बीच भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बच्चो की मौत के पीछे लीची को लेकर होने वाले शोर - शराबे को एक सोची समझी साजिश करार दिया हैं | मुजफ्फरपुर लीची उत्पादन के लिए देश में एक सर्वाधिक बड़े केंद्र के रूप में मौजूदा समय में चर्चित है इसके आसपास के लीची उत्पादन वाले जिलो में चमकी बुखार का सर्वाधिक प्रकोप देखा जा रहा है नतीजन इन जिलो से ही इस तरह के बड़े सवाल सामने आये है कि बच्चो की मौत की वजह लीची खाने से शुरू हुई | हालाकिं स्वास्थ्य विशेषज्ञ इस बुखार में मौत के असल कारणों से पूरी तरह चुप्पी साथे हुए हैं और अगर कोई बोल रहा हैं तो भाजपा के छोटे बड़े मंत्री सांसद व नेता बोल रहे हैं बताते चले कि लोकसभा में राजीव रूडी ने लीची को लेकर बच्चो की बीमारी के मुद्दे को एक तरह से खारिज ही किया बल्कि इन समूचे सवालों के पीछे चीनी कनेक्शन की बू बता दिया | रूडी का मानना है की हजारो करोड़ लीची बंदरगाह पर पड़ी हुई हैं और बाजारों में भी बिहार के किसानो की ही लीची भरी पड़ी है मौजूदा समय में लीची के मुद्दे को बुखार की वजह बताकर कुछ लोगो ने जानबूझकर बिहार के इसानो को चोट पहुचाई है | रूडी संसद के जरिये देश को यह बताने का प्रयास किया है की चीन लीची काण्ड में कही न कही से साजिशकर्ता हैं | कारण यह है चीन भारत के मुकाबले में लीची निर्यात में दुनिया में दुसरे नम्बर पर हैं यही वजह है जिसके चलते चीन देश - दुनिया के बाजारों में भारतीय लीची को ही जानलेवा बीमारी पैदा करने वाला साबित करना चाहता हैं | खैर राजिव रूडी भाजपा के एक कद्दावर नेता है और वह इसके लिए सरकार से जांच कराने की भी मांग कर सकते हैं , लेकिन जिस बड़े संकट को लेकर देश के जाने - माने स्वास्थ्य विशेषज्ञ अब तक चुप्पी साधे हुए हैं और यहाँ तक की केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री से लगायत प्रधानमन्त्री तक सच बोलने से लगातार कतरा रहे हैं , ऐसे में राजीव रूडी को असल मुद्दों से ध्यान हटाकर चीन का चक्कर नही लगाना चाहिए | इस दौरान मुजफ्फरपुर के भाजपा सांसद जय निषाद इस मष्तिष्क ज्वर का कारन बढती गर्मी - गंदगी -गरीबी व प्राकृतिक संसाधनों के छेड़छाड़ को बता रहे इन सबसे अलग पीड़ित इलाको में जनता का गुस्सा इस कदर बढ़ा हुआ हैं आये दिन राज्य मंत्रियों सांसदों और नेताओं को राजनैतिक रस्म अदायगी के दौरान जनता के बीच से पुलिस सरक्षण में किसी तरह बाहर निकला जा रहा हैं | केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री अश्वनी चौबे जनता के गुस्से से बाल बाल बचे और वहाँ पर पुलिस बलप्रयोग करने की नौबत आ गयी थी लोजपा सांसद पारसनाथ पशुपति को वैशाली में लोगो ने बुरी तरह बेइज्जत कर दिया कुल मिलाकर हालात बेकाबू हैं लेकिन इस दर्दनाक दास्ताँन पर राजनैतिक दुःख ही हमारे प्रधानमन्त्री नही जता सके | बिहार में विपक्ष ज़िंदा हैं यह बताना मुश्किल हैं | मौजूदा वक्त में जरूरत इस बात की हैं नितीश कुमार नरेंद्र मोदी तक के काम - करतब को कसौटी पर जरुर आँकना चाहिए हमारा बड़ा दावा आ रहा की अन्तरिक्ष विज्ञान अभियानों में हम बड़े मुकाम हासिल कर लिए है अर्थ्व्यव्थ्सा में फ्रांस को पीछे छोड़ दिए हैं मगर सच्चाई का क्या होगा कि मासूम बच्चे बेमौत मर रहे हैं और हमारा स्वास्थ्य सामर्थ्य इलाज के नाम पर जबाब दे गया हैं |

Friday, June 28, 2019

वलीउल्लाही आन्दोलन

तहरीके - जिन्होंने जंगे - आजादी - ए- हिन्द को परवान चढाया

फकीर आन्दोलन -- भाग - तीन

वलीउल्लाही आन्दोलन
_____________
ब्रिटिश हुकूमत को एक बड़ी चुनौती मुसलमानों की एक ऐसी तंजीम ने भी दी जिसके कायद रायबरेली ( उत्तर प्रदेश ) के बाहैसियत उलमा खानदान से ताल्लुक रखने वाले मौलाना सैय्यद अहमद थे | उन्होंने वलीउल्लाही के बताये रास्ते पर चलकर इस्लाम में फैली बुराइयों को दूर करने की मुहीम के साथ तबलीग व तहरीक शुरू की थी | वलीउल्लाही के इंतकाल के बाद आपके बेटे अब्दुल अजीज इस जमात के नेता बने , जिन्होंने सन 1803 में फतवा दिया कि भारत अब दारुल - इस्लाम नही रहा | सैय्यद अहमद सन 1808 तक अपनी तालीम पूरी करके टोंक चले गये और वहाँ अमीर खान की फ़ौज में भर्ती हो गये | लेकिन 1817 में जब अमीर खान ने अग्रेजो से समझौता किया तो उन्होंने फ़ौज की नौकरी छोड़ दी , लेकिन तब तक वह फौजी हुनर में माहिर हो गये थे || सन 1817 के बाद सन 1822 तक वह पुरे हिदुस्तान में मजहबी तबलीग और दर्स के साथ - साथ अंग्रेजो के खिलाफ आजादी का माहौल बनाते रहे | उनके माननेवालो की तादात दिन - पर - दिन बढती रही |

1822 में मदीना - मक्का के सफर पर आप अपने हजारो मुरीदो के साथ चले गये जहाँ से अप्रैल संन 1824 में वापस हिन्दुस्तान आये |
जनवरी 1826 को वह रायबरेली से तक़रीबन 600 लोगो को जिसमे औरते भी शामिल थी का काफिला लेकर निकले ग्वालियर , टोंक अजमेर होते हुए सिंध पहुचे सैय्यद का ख्याल था कि सिंध के अमीर उनका साथ देंगे लेकिन मायूस होकर वह शिकारपुर पहुचे यहाँ भी उनके ख्यालो को बहुत तरजीह नही मिली | वहां से वह बलूचिस्तान होते हुए बोलान दर्रे के जरिये क्वेटा और फिर कंधार - गजनी और काबुल होते हुए नवम्बर सन 1826 को पेशावर पहुचें |
3,000 मील लम्बे सफर और 17 महीने तक चले काफिला और उनकी कारगुजारियो पर ब्रिटिश - सरकार की अनदेखी अपने आप में ताज्जुब की बात हैं | ब्रिटिश हुकूमत अपने किसी मकसद के तहत सीधी कार्यवाही से बच रही थी | उस वक्त ब्रिटिश हुकूमत जो चाहती थी वही हुआ | जल्द ही क्रान्तिकारियो ने पेशावर पर हमला करके उसे अपने कब्जे में ले लिया और अपनी ताकत का अहसास कराया | उन लोगो ने अपना हेडक्वाटर चारसद्दा में बनाया और वहीँ से सिखों के खिलाफ युद्द बोल दिया | सैय्यद अहमद को मजहबी पेशवा के तौर पर लोग मनाने लगे थे | वहां उन्होंने कबीलों में मारपीट फसाद खून - खराबे की आदतों को छुडाने के लिए कोशिशे शुरू कर दी | कुछ हद तक वह कामयाब भी हुए , लेकिन कबीलों में उनके सरदारों की लालच और ऐशपरस्ती से रहने की उनकी आदतों की वजह से वह एका कायम नही करा सकें | गरीब कबाइली उनके हर हुक्म पर जंग करने को तैयार हो जाते थे | इसी ताकत पर युद्ध आन्दोलन लम्बे समय तक चल पाया | सैय्यद अहमद की सेना ने पंजाब के सिख राज्य पर पहला हमला बोला , लेकिन कामयाबी नही मिली | दोनों पक्षों में कई बार लडाइयां हुई सबसे अहम लड़ाई सन 1831 में बालकोट में हुई थी | वहां भी जेहादियों को भरी नुक्सान के बाद पीछे हटना पड़ा था | इस लड़ाई में सैय्यद अहमद और शाह मोहम्मद इस्माइल शहीद हुए | इमाम के मारे जाने के बाद उनके मानने वालो को बड़ा सदमा लगा
सरहद पर जाने से पहले सैय्यद अहमद ने हिन्दुस्तान के बाकी हिस्सों में एक तंजीम बनाई थी जिसकी जिम्मेदारी मौलवी कासिम पानीपती सरदार सैय्यद अकबर शाह और पटना मरकज पर मौलवी विलायत अली और इनायत अली को दी थी | इन लोगो ने तंजीम को काफी मजबूत बना दिया था |
रंजीत सिंह के मरने के बाद अंग्रेजो का असर पंजाब पर हो गया | और अंग्रेजो का निशाना सैय्यद अहमद के माननेवालो क्रांतिकारियों को खत्म करने का था जिसके लिए वे मौका तलाशते रहे | सन 1858 में सिधाना पे अंग्रेजो का कब्ज़ा होने के बाद क्रांतिकारी तंजीम ने मलका को अपना मरकज बनाया | मगर वहां भी वे ज्यादा दिन रुक नही सकें | अंग्रेजो के हमले ने क्रान्तिकारियो को कमजोर कर दिया इसी बीच यह आन्दोलन हिन्दुस्तान के दुसरे हिस्सों में भी होने लगा | पटना में मौलवी यहिया मौलवी फरहत अली और मौलवी मोहम्मद उल्लाह ने मोर्चा सम्भाला | ब्रिटिश सरकार ने इंकलाबियो को कुचलने के लिए अब पूरी ताकत झोंक दी | कई बड़े नेताओं और उल्माओ को कैद कर लिया गया | 1865-1871 तक इंकलाबियो ने जहाँ जहां पनाह ली जंग की और जिन लोगो ने भी उनका साथ दिया उन सभी को कालापानी या फांसी दे दी गयी | ब्रिटिश हुकूमत ने सैय्यद अहमद के ख्यालो पर चलने वालो के खिलाफ मुसलमानों के ही एक हिस्से को आगे करके इंकलाबियो के खिलाफ लामबंद कर लड़ाई के फतवे का असर कम या खत्म करने की पालिसी पर काम किया | अंग्रेजो ने कलकक्ता के उलमा अब्दुल लतीफ़ और जौनपुर उत्तर प्रदेश के मौलवी करामत अली के अलावा कुछ और लोगो को आगे करके इस युद्ध के फतवे को कम कर दिया | सीमांत इलाको में इंकलाबी तंजीम 1884 तक मजबूती से लड़ते रहे |
इस आन्दोलन के नाकाम होने के बाद यह साफ़ हो गया कि मजहबी जोश जूनून हिम्मत व कुर्बानी भी ब्रिटेन के ताकतवर हुकूमत को इतने लबे जद्दोजेहद के वावजूद उलटने में कामयाब नही साबित हुई | मगर अंग्रेजो से आजादी हासिल करने के लिए मुस्लमानो में इस आन्दोलन ने इतनी जमीन जरुर तैयार कर दी जो सन 1857 की जंगे - आजादी के वक्त काम आये |
प्रस्तुती -- सुनील दत्ता 'कबीर '' स्वतंत्र पत्रकार - समीक्षक
साभार ''लहू बोलता भी हैं '' लेखक सैय्यद शाहनवाज अहमद कादरी

Thursday, June 27, 2019

तहरीके - जिन्होंने जंगे - आजादी - ए- हिन्द को परवान चढाया --- भाग - दो

तहरीके - जिन्होंने जंगे - आजादी - ए- हिन्द को परवान चढाया

फकीर आन्दोलन --
भाग - दो

पागल् पंथी आन्दोलन
पागलपंथी आन्दोलन के नेता करमशाह सुंसंग परगना में सन 1775 से बसे थे | उनके मानने वालो में हिन्दू , मुसलमान , गारो और हाजंग शामिल थे | शाह ने इन सबको साथ मिलाकर एक तंजीम बनाई थी , जो अंग्रेज - हमनवा जमींदारों पर हमला करते थे | सन 1813 में करमशाह के इंतकाल के बाद आपके बेटे टीपू शाह ने कमान संभाली | टीपू शाह ने सन 1825 में शेरपुर के जमींदार पर हमला बोलकर वहां कब्जा करके अपनी आजाद सरकार बनाई | हुकूमत चलाने के लिए जज ,कलेक्टर , मजिस्ट्रेट भी मोक्रर्रर कर दिए और सन 1831 तक आजाद सरकार का कार्य किये | सन 1831 में अंग्रेजी सेना ने इनका सफाया कर दिया | बाद में सन 1852 में जिन्द में टीपू शाह का इंतकाल हो गया उसके बाद तंजीम बिखर गयी और आन्दोलन अपने आप खत्म हो गया |

करबन्दी आन्दोलन
-----------------------

पूर्वी बंगाल के हाजी शरीयतुल्लाह ने करबंदी आन्दोलन को शुरू किया था | पहले इन्होने इस्लाम में सुधार के लिए मुहीम चलाई | बाद में जमींदारों के जुल्मो ज्यादती के खिलाफ लड़ाई का आगाज किया | वह सियासी व समाजी बदलाव करने की बात करते थे | उनका मकसद अंग्रेजो से आजादी दिलाकर पूर्वी बंगाल में इस्लामी हुकूमत कायम करना था | उन्होंने काफी लोगो को अपने साथ मिला लिया था | इस बीच हाजी साहब का इंतकाल हो गया तो आपकी गद्दी आपके बेटे मोहम्मद मोहसिन को मिली जो बाद में दादू मियाँ के नाम से मशहूर हुए | दादू मिया ने आन्दोलन सम्भाला और जमींदारों के खिलाफ उसे जारी रखा | जबरदस्ती लगान - वसूली बंद करा के उन्होंने गाँव अदालते कायम की , जो मुकामी कामकाज देखती थी | इस लड़ाई में अंग्रेज सीधे तौर पर न लड़कर जमींदारों की मदद में खड़े होते थे | यह करबंदी आन्दोलन बीच - बीच में रुक रुक कर सन 1838 - 1857 तक चला | इस आन्दोलन को बंगाल के जंगे आजादी के नेता सैय्यद अहमद शहीद की तंजीम की मदद भी मिली और उससे ताकत भी मिलती रही | ये लोग जालिम जमींदारों के खिलाफ बहुत बहादुरी से लड़े और अवाम पर होने वाले जुल्म और जबरन वसूली को रुकवा दिया | यह आन्दोलन नील की खेती के आन्दोलन के शुरू होने के बाद खत्म हो गया | इस तंजीम के लोग नील -बागान के आन्दोलन में लग गये |

मुबारिजुद्दौला की बगावत
-------------------------------|
सैय्यद अहमद रायबरेलवी के मुस्लिम तबलीग और जेहाद तहरीक के वक्त दक्खिन सूबे में मुबारिजुद्दौला उनके नुमाइंदे और शागिर्द बने | इन्होने पुरे साउथ - इंडिया में इस आन्दोलन को फैलाया और अंग्रेजो के खिलाफ छोटे राजाओं और जमींदारों को तैयार करके अंग्रेजी फौजों से टक्कर ली | काफी जंगी साजो सामान भी इकठ्ठा करके वह अंग्रेजो को कई मोर्चो पर चुनौती देते रहे | बाद में ब्रिटिश रेजिडेंट ने निजाम की रजामंदी से मुबारिजुद्दौला को गिरफ्तार करके गोलकुंडा के किले में नजरबंद कर दिया | मुकदमा चला , जिसमे इन्हें और इनके साथियो को ब्रिटिश हुकूमत खत्म करने असलहा इकठ्ठा करने और युद्ध का झंडा उठाने का मुजरिम बनाया | सजा के तौर पर आपको गोलकुंडा किले में आजन्म कैद की सजा हुई | इनके सभी साथियो को भी सजा मिली | सन 1854 के दौरान सजा ही ब्रिटिश हुकूमत को ललकारने वाला बहादुर शाहजदा हमेशा हमेशा के लिए दुनिया से विदा हो गया | मुबारिजुद्दुला को रईसुल मुसलमीन के खिताब से नवाजा गया था |

पंचम दा आज जन्मदिन है

पंचम दा आज जन्मदिन है


मुसाफिर हूँ यारो ना घर है ठिकाना मुझे चलते जाना है |

आपकी आँखों में कुछ महके हुए से राज है
आपसे भी खुबसूरत आपके अंदाज है |

याद है बारिशो के दिन थे वो पंचम और पहाड़ी के नीचे वादी में धुंध से झाककर निकलती हुई रेल की पटरिया गुजरती थी | धुंध में ऐसे लग रहे थे हम जैसे दो पौधे पास बैठे हो हम बहुत देर पटरियों बैठे हुए उस मुसाफिर का जिक्र करते रहे जिसको आना था पिछली सब लेकिन उसकी आमद का वक्त ढलता रहा | हम बहुत देर पटरियों पर बैठे हुए ट्रेन का इन्तजार करते रहे ट्रेन आई उसका वक्त हुआ और हम यू ही दो कदम चलकर धुंध पर पाँव रखकर गुम हो गये | मैं अकेला हूँ अन्त में -------- |
मुसाफिर हूँ यारो ना घर है ठिकाना मुझे चलते जाना है |
याद है मेरा पहला गाना तुम्हारे साथ कहा था नीचे चलो तुम्हे गाना सुनाता हूँ और तुम सुबह तक तुम गाडी चलाते रहे और कैसेट पर तुम गाना सुनते रहे | पंचम में एक बहुत बड़ा मासूम सा बच्चा था | जो तुम्हारे अन्दर तुम्हारे मिजाज में जीता था उसको हमने कभी उदास नही देखा | पंचम तुम्हारे साथ सीरियसली गाना लिखना बहुत मुश्किल था तब तुमने कहा था की तुम बन्द बोतल की तरह क्यों सीरियस हो | क्या पता था पंचम तुम चुप हो जाओगे और मैं तुम्हारी आवाज को ढूढता फिरूंगा |


ऐसे गीतों के रचना शिल्पी राहुल देव बर्मन का आज जन्म दिन है |
राहुल अपने आप में एक विलक्ष्ण प्रतिभा थे | 27 जून 1939 में एक ऐसे प्रख्यात संगीतकार सचिन देव बर्मन और माँ मेरे देव के पुत्र के रूप में जन्म लिया | माँ मीरा देव खुद एक अच्छी संगीत साधिका थी | राहुल को बचपन से ही उनकी माँ ने विरासत में संगीत सृजन दिया |
राहुल के पिता सचिन देव बर्मन बहुत बड़े संगीतकार थे | एक दिन अशोक कुमार एस . डी . बर्मन से मिलने उनके घर गये | इस दौरान एस . डी . बर्मन ने अशोक कुमार को संगीत के पांच सुर "" सा रे गा माँ पा ' गाकर सुनाया , जिसके बाद अशोक कुमार ने उनका नाम पंचम रख दिया पंचम दा ने महज नौ वर्ष की उम्र में अपनी पहली धुन बनाई जिसको सुनकर सचिन देव ने उन्हें संगीत शिक्षा दी बर्मन पंचम दा की पूरी शिक्षा कलकत्ता में हुई और इनके पिता ने संगीत शिक्षा के लिए इनको उस्ताद अली अकबर खा से सरोद सिखाया इसके बाद इन्होने समता प्रसाद से तबला सिखा सचिन देव बर्मन चाहते थे की कि पंचम दा संगीत के सारे वाद्य यंत्रो को बजाना सीखे पंचम दा ने अनेको गुरुओ से वाद्य यंत्र बजाना सिखा | पंचम दा संगीत की दुनिया में अपना गुरु सलिल चौधरी को मानते थे | इनके बनाये धुनों को सचिन देव बर्मन ने कागज के फूल और चलती का नाम गाडी में इस्तेमाल किया | सन 1961 में महमूद साहब छोटे नबाब बना रहे थे उस वक्त वो सचिन देव बर्मन को अपने फिल्म में संगीतकार चाहते थे पर वो खाली नही थे उस वक्त राहुल देव बर्मन को उन्होंने अपनी फिल्म छोटे नबाब में लिया और राहुल के संगीत ने उस वक्त फ़िल्मी दुनिया में उस फिल्म से अपना अलग स्थान बना लिया | छोटे नबाब के गीतों ने "" इलाही को सुन ली '' आज हुआ दिल मेरा मतवाला '' की गीतों को जो संगीत दिया उससे पूरी फिल्म जगत में पंचम दा अपने को एक संगीतकार के रूप में स्थापित कर लिए उसके बाद निर्माता नासिर हुसैन की फिल्म '' तीसरी मंजिल '' के सुपरहिट गाने '' आजा आजा मैं हूँ प्यार तेरा '' और ओ हसीना जुल्फों वाली '' जैसी सदाबहार गीतों के जरिये पंचम दा बतौर संगीतकार शोहरत की बुलंदियों को छूने लगे | '' मैं शायर बदनाम मैं चला मैं चला पंचम दा ने भुत बंगला फिल्म में अभिनय भी किया है |राहुल देव बर्मन ने राजेश खन्ना के फिल्मो में जादू भरी संगीत और किशोर कुमार की आवाज का जो प्रयोग किया उससे राजेश खन्ना की फिल्मे हिट होने लगी और राजेश खन्ना सुपरस्टार हो गये |

यह कहना गलत होगा की पंचम दा ने सिर्फ किशोर कुमार के लिए ही सगीत दिया उन्होंने रफ़ी साहब के लिए भी बहुत ही शानदार संगीत से गीतों को सजाया है | पंचम दा एक प्रयोगधर्मी संगीतकार थे उन्होंने अपने संगीत में पूरब और पश्चिम के संगीत का मिश्रण करके नई धुनें बनाई | हालाकि इसके लिए उनकी आलोचना बहुत हुई | उनकी ऐसी धुनों के लिए एक आवाज की तलाश थी यह आवाज उन्हें पाशर्व गायिका आशा भोसले में मिली | लम्बी अवधि तक एक दुसरे का गीत संगीत में साथ निभाते रहे |
राहुल देव बर्मन की पहली शादी रीमा पटेल से हुई थी पर वो जल्दी ही तलाक में बदल गयी | इसके बाद पंचम दा ने आशा भोसले से जीवन भर का नाता जोड़ लिया | संगीत निर्देशन के अलावा पंचम दा कई फिल्मो के लिए अपनी आवाज दी है | आर डी बर्मन ने अपने चार धसक से भी ज्यादा लम्बे फ़िल्मी कैरियर में लगभग तीन सौ से ज्यादा फिल्मो में संगीत दिया है | हिंदी फिल्मो के साथ ही बँगला , तेलगु , तमिल , उडिया ,और मराठी फिल्मो में अपने संगीत के जादू से श्रोताओं को मदहोश किया | | पंचम दा ने गुलजार की शायरी और नज्मो पे भी कमाल का संगीत दिया है | राहुल देव बर्मन को अपने फ़िल्मी कैरियर में तीन बार सर्वश्रेष्ठ संगीतकार के फिल्म फेयर पुरूस्कार से नवाजा गया है | इनमे सनम तेरी कसम , मासूम और १९४२ ए लवस्टोरी शामिल है | फिल्म संगीत के साथ -- साथ राहुल देव बर्मन गैर फ़िल्मी संगीत से भी श्रोताओं का दिल जीतने में कामयाब रहे | अमरीका के मशहूर संगीतकार जोस फ्लोरेंस के साथ उनकी निर्मित एलबम '' पटेरा '' काफी लोकप्रिय रही | चार दशक तक अपनी संगीत के स्वर लहरियों से पंचम दा श्रोताओं को आनन्द विभोर किया | आज उन्ही पंचम दा का जन्म दिन है \


सुनील दत्ता --- स्वतंत्र पत्रकार एवं समीक्षक

Wednesday, June 26, 2019

फकीर आन्दोलन

तहरीके - जिन्होंने जंगे - आजादी - ए- हिन्द को परवान चढाया

फकीर आन्दोलन
--------------------
बंगाल में नबावो का दौर खत्म होते ही अंग्रेजो ने मुस्लिम अफसरों को हटाकर अंग्रेज अफसरों की बहाली कर दी | मुस्लिम जमींदारों को बेदखल करके नबाव की सेना को खत्म कर दिया गया | नवाब के जमाने से चला आ रहा देहात पुलिस मोहकमा खत्म कर दिया गया | इसके अलावा आलिमो और मदरसों को दी गयी जमीनों पर भी कब्ज़ा कर लिया गया | इन वजहों से एक तरफ जहाँ बदउनवानी पैदा हुई , वही दूसरी तरफ बड़े पैमाने पर बेरोजगारी भी बढ़ गयी | नतीजन मिडिल और लोवर तबके के मुस्लिम , जो की दस्तकार थे , और जो कपडे की बुनाई करके अपना जीवन चलाते थे , वे कपडे का कारोबार बंद हो जाने से भुखमरी का शिकार होने लगे | इसके अलावा हिन्दू - महाजनों और नील बागानों के अंग्रेज मालिको के जुल्मो से मजदुर तबका भी परेशान हो गया | ऐसे वक्त में मुस्लिम फंकीरो ने आन्दोलन शुरू कर दिया | इसके नेता मजनूशाह थे , जिनकी कयादत में सन 1776-77 में बंगाल के सुदूर इलाको और नेपाल की तराइयो के इलाको में अंग्रेजो के खिलाफ आन्दोलन शुरू हुआ | इन लोगो को जमींदारों और रैय्यातो से चंदा मिलता था , जिससे ये हथियार और गोला बारूद खरीदा करते थे | बंगाल के बाकुड़ा , मदारगंज और महास्थान ( जहाँ मजनूशाह ने अपना किला बनाया था ) मजबूती से आन्दोलन की शुरुआत की थी | इनके आन्दोलन का तरीका बड़ा अजीब था | ये लोग रात में इकठ्ठा होते और अंग्रेजो की चौकियो और ठिकानों पर हमला करके उन्हें नुक्सान पहुचातें और गाँव में छुप जाया करते थे | अंग्रेज अधिकारी इस फकीर आन्दोलन से बहुत परेशान हो गये थे | सन 1863 में फकीरों ने ढाका में अंग्रेजो की फैक्ट्री पर हमला करके कब्जा कर लिया था | सन 1868 में बिहार के सारण जिले में इन लोगो की अंग्रेजी फ़ौज से तीन बार लड़ाई हुई जिसमे दो बार अंग्रेजी फ़ौज को पीछे हटना पडा | फकीरों ने काफी दिनों तक सारण पर अपना कब्जा बनाये रखा लेकिन तीसरी बार अंग्रेजो ने पूरी तैयारी से हमला किया | अंग्रेजी फ़ौज की तैयारी का फकीरों को अंदाजा नही था और उन्हें हार का मुंह देखना पडा | इस लड़ाई में हजारो मुस्लिम फकीर शहीद हो गये | सन 1787 में जब मजनूशाह मार दिए गये , तो फकीरों ने उनके बेटे चिराग अली शाह को अपना नेता चुना | चिराग अली ने भवानी पाठक और देवी चौधरानी के साथ मिलकर अंग्रेजो के खिलाफ आन्दोलन जारी रखा | दोनों का मकसद एक ही था | दोनों मिलकर और मजबूत हो गये | फिर उन्होंने अंग्रेजो के कारखाने पर हमला कर दिया वहां से इन लोगो ने काफी रकम , हथियार और गोला बारूद इकठ्ठा कर लिया | बाद में अंग्रेजी फ़ौज से निकाले गये पठान और राजपूतो को भी अपने साथ मिला लिया | यह लोग 1793 से 1800 तक कम्पनी की सेनाओं से लड़ते रहे और सरकारी वसूली करने वाले अंग्रेज मुलाजिमो को मारकर भगा दिया इस फकीर आन्दोलन की कार्गुजारियो पर जब अंग्रेज अफसर काबू न पा सकें तो उन्होंने नेपाल के महाराजा के साथ एक समझौता करके सीमा पर उनके घुसने पर रोक लगा दिया और फिर अंग्रेजी फ़ौज ने पूरी ताकत से इस आन्दोलन को कुचल दिया | इस आन्दोलन के बारे में लार्ड मिंटो ने लिखा है कि इन फकीरों के सरदार की बहुत इज्जत थी | वे अपनी कौम के हाकिम कहे जाते थे और उनके हुकम पर फकीर कुछ भी करने की हिम्मत रखते थे | फकीर आन्दोलन से अंग्रेज सेना को काफी दिक्कतों का सामना करना पडा | इस आन्दोलन में बड़ी तादात में मुस्लिम फकीर और फ़ौज से निकाले गये दोनों कौमो के सिपाहीयो ने अपने प्राणों की आहुति दी |

प्रस्तुती -- सुनील दत्ता 'कबीर '' स्वतंत्र पत्रकार - समीक्षक
साभार ''लहू बोलता भी हैं '' लेखक सैय्यद शाहनवाज अहमद कादरी