Thursday, July 26, 2018

ब्राह्मण 26-7-18

ब्राह्मण

आज जो मुझे गाँवों में दिन - हीन अवस्था में देखता है , उसे गुमान भी नही हो सकता कि सदियों की कुछ में मैंने साम्राज्यों का संचालन किया है और अविरल जनसंख्या मेरे संकेतो पर नाचती रही है | ना , मैं अब - सा दीन कभी न था | यह मेरे चरम उत्कर्ष का वैषम्य है | गाँव में वस्तुत: मेरे प्रेत की छाया डोल रही है | मैं ब्राह्मण हूँ , मेरी कहानी ब्राह्मण की है -- दृप्त ,उद्दंड , ज्ञानपर |
मैं केवल भारत का ही नही हूँ | सारे संसार की प्राचीन सभ्यताओं का मैं संचालक समर्थ अंग रहा हूँ | मिसरी राजाओं का मैं विशेष सुहृद था | उस अदुत अनुलेप का आविष्कार मैंने ही किया था , जिसके कारण मिस्र के पिरामिडो के विख्यात ममी सुरक्षित रखे जा सके | पिरामिडो की चट्टाने तो बिखर चली , पर उनके भीतर रखे शरीर को किसी प्रकार की क्षति न हुई ईसा से प्राय: आठ हजार वर्ष पहले ही मैंने उस अनुलेप - द्रव्य की खोज कर ली थी | निश्चय ही कि इस रहस्य की जानकारी से मेरी शक्ति मिस्र की जनता पर असाधारण मात्र में बढ़ गयी थी | इसी प्रकार दक्षिण - बाबुल की प्रारम्भिक सभ्यता के केंद्र सुमेर में भी मैंने ईसा से प्राय: पाँच हजार वर्ष पूर्व ही अपनी शक्ति प्रदर्शित कर दी थी | केंगी के शाह के रूप में तब मेरा नाम एन -शाग -कुश - अन्ना था ; परन्तु तभी मैं एन - लिल अथवा बेल्का 'पतेसी'( पुरोहित ) भी था -- ठीक उसी प्रकार , जैसे पिछले काल में तुर्की का सुल्तान खलीफा था | तब की मेरी शक्ति का अंदाज नही लगाया जा सकता | तभी तो मैं अपनी मृत्यु पर दफनाये जाने के समय अनेक दास दासियों को जीवित दरगोर कर पाता था | अनेक रानियों और दास - दासियों को विष के घूँट पीकर दम तोड़ना पड़ता था , जिससे परलोक में उनका मेरा साथ हो सके और मुझे किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए | इसी कारण घोड़े , खच्चर , गधे , रथ और अनेकानेक आवश्यक वैभव और अनिवार्य वस्तुओ के साथ मैं समाधि लेता था |
और इस सम्बन्ध में मैं अकेला न था | प्राचीन चीन और भारत में भी मेरी शक्ति का बोलबाला था | सैन्धव सभ्यता में भी मैं अनेक प्रकार से अपने प्रताप का अर्जन करता था और यद्दपि वहाँ मैं अपना बाबुली वैभव प्राप्त न कर सका , कयोकी वहाँ राजा और पुरोहित भिन्न - भिन्न थे , फिर भी पुजारी होने के नाते मेरा तेज यहाँ भी कुछ कम न था | मैं अपने उसी प्राचीन भारतीय रूप की कहानी कहने जा रहा हूँ , जिसने मोहनजो -दड़ो, झुकार -दड़ो, कान्हू - दड़ो, हडप्पा आदि में अवतार लेकर अपने यश और प्रभुता का विस्तार किया था और जिस की पराकाष्ठा वास्तव में ऋग्वेद द्वारा प्रसुत परम्परा के उत्कर्ष में हुई थी | इस प्रकार मेरी कहानी , जो इस देश में विशेत: ऋग्वैदिक सभ्यता से प्रारम्भ होती है , अत्यंत रोचक है |
मैं पहले कह चूका हूँ कि मैं केवल भारत का नही हूँ और मेरा आरम्भ अत्यंत प्राचीन काल में हुआ था -- शायद तब , जब आदिम मनुष्य ने पहले पहल वन्य पशुओ की और छलांग मारी थी और झरने का अविरल स्वर सुना था | परन्तु उसकी कथा बड़ी पुरानी है , मैं नही कहूंगा , कम से कम इस प्रसंग में नही | ऋग्वैदिक परम्परा में मैं भारतीय नही हूँ | जिस देश से प्राचीन ऋग्वैदिक आर्य आये थे , मैं वही से आया था , कयोकी मैं ही उनका नेता , उनका मंत्रदाता था | और जहाँ जहाँ उनकी बेले गयी - इरान -ईराक ग्रीस -रोम- फ्रांस इंग्लैण्ड -जर्मनी और लिथुआनिया में - सर्वत्र मैं आर्य टोलियों के आगे था -- उनके देवताओं को प्रसन्न करने वाला , उनके भविष्य का प्राक्कथन करने वाला , वस्तुत: उनके देवताओं का अपने मानव रूप में प्रजनक |
भारत में मैं भी अपनी शक्तिम हिंस्र टोलियाँ लिए आया | मैं चला तो भूख से आहार की तलाश में था , परन्तु मेरा नारा था -- कृण्वन्त विश्वमार्यम | मैं गायक और द्रष्टा न होता तो भविष्यवक्ता कैसे बनता ? रहस्य में , अज्ञात में झाँककर देखना मेरा काम था | यही मेरी शक्ति का आधार था | मैंने धर्म से साक्षात्कार किया -- उस धर्म का , जिसे कोई और नही जानता था , जान ही नही सकता था | अन्य के जानते ही मेरी शक्ति बट जाती और शक्ति बट जाने पर मैं पंगु हो जाता | शिरकत में शक्ति मारी जाती है | मैं साझीदार स्वीकार नही करता | मैं अपना रहस्य अपने तक ही सीमित रखता हूँ -- न किसी की शक्ति में हाथ बटाता हूँ , न अपनी हिस्सा बटने देता हूँ | इसी विचार से मैंने राजा को भी परिमित शक्ति का भरसक न होने दिया सर्वदा उसकी ठोस , अविभाजित अपरिमित शक्ति का प्रजनन , विकास और पोषण किया | यही रहस्य - ऋषि - धर्म , दृष्टि की द्रष्टा का - मेरी शक्ति की आधार शिला था और जैसा कि पहले कह आया हूँ इसमें मैं कोई साझीदार नही चाहता था | इसीलिए मैंने विश्वामित्र से रण ठाना , इसीलिए सदियों के दौरान मैं दूसरो के रक्त का प्यासा हो गया और अन्य मेरे रक्त के ग्राहक हो गये | क्रमश : भाग - एक

प्रस्तुती सुनील दत्ता - स्वतंत्र पत्रकार - समीक्षक

आभार -- खून के छीटें इतिहास के पन्नो पर -- भगवत शरण उपाध्याय

3 comments:

  1. आपकी इस प्रविष्टि् के लिंक की चर्चा कल शुक्रवार (27-07-2018) को "कौन सुखी परिवार" (चर्चा अंक-3045) पर भी होगी।
    --
    सूचना देने का उद्देश्य है कि यदि किसी रचनाकार की प्रविष्टि का लिंक किसी स्थान पर लगाया जाये तो उसकी सूचना देना व्यवस्थापक का नैतिक कर्तव्य होता है।
    --
    चर्चा मंच पर पूरी पोस्ट नहीं दी जाती है बल्कि आपकी पोस्ट का लिंक या लिंक के साथ पोस्ट का महत्वपूर्ण अंश दिया जाता है।
    जिससे कि पाठक उत्सुकता के साथ आपके ब्लॉग पर आपकी पूरी पोस्ट पढ़ने के लिए जाये।
    हार्दिक शुभकामनाओं के साथ।
    सादर...!
    डॉ.रूपचन्द्र शास्त्री 'मयंक'
    ---------------

    ReplyDelete
    Replies
    1. आदरणीय आभार आपका

      Delete
  2. बहुत अच्‍छी विवेचना की है कबीर जी ने

    ReplyDelete